
सहारनपुर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और व्यापारियों को पटका, पुष्प और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजस्व के रूप में सर्वाधिक जीएसटी अदा करने वाले पांच व्यापारियों को विशेष रूप से प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र, पुष्प और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी सम्मानित व्यापारीजनों को मंच पर आमंत्रित कर आदरपूर्वक सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक राजीव गुंबर द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं और तत्पश्चात सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह और जीएसटी विभाग के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पश्चिमी व्यापारी एकता व्यापार मंडल की ओर से प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिभाग किया, जिसमें प्रदेश महासचिव अनुज गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारती भानु एडवोकेट, जिलाध्यक्ष विनय जैन, जिला महासचिव शांतनु शर्मा, नगराध्यक्ष सनी विजय मल्होत्रा, नगर महासचिव रोहित अग्रवाल और राज रोहिल्ला उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा को विधायक राजीव गुम्बर, महापौर डा अजय सिंह तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया।

