। नगर निगम के प्रवर्तन दल द्वारा एक व्यापारी से दुकान में घुसकर मारपीट किए जाने के विरोध में शुक्रवार को सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के आह्वान पर कोर्ट रोड के व्यापारियों ने दुकानों को बंद रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली को अमानवीय और तानाशाही करार देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पॉलिथीन चेकिंग के नाम पर निगम कर्मियों ने व्यापारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की। महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने कहा कि यह व्यापारी ही हैं जिन्होंने सरकार और नगर निगम को समर्थन दिया, लेकिन अब उन्हीं के साथ असम्मानजनक व्यवहार किया जा रहा है।
वरिष्ठ महामंत्री सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि अगर विधायकों और महापौर को अन्य मुद्दों पर स्वतः संज्ञान लेने की आदत है, तो वे अब क्यों मौन हैं? व्यापारियों के उत्पीड़न को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महानगर महामंत्री पुनीत चौहान और कोषाध्यक्ष सुधीर मिगलानी ने कहा कि टैक्स देने वाला और रोजगार पैदा करने वाला व्यापारी अपराधी नहीं है, लेकिन निगम की कार्यशैली से यही संदेश जा रहा है।
धरना स्थल पर पहुंचे नगर निगम प्रवर्तन प्रभारी सुधीर शर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच के लिए समिति बना दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
धरने में व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने चेताया कि यदि उत्पीड़न की घटनाएं नहीं रुकीं, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *