डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा छर्रा के पुरैनी गांव का रहने वाला है। उसका भाई उत्तराखंड के रुड़की में रहता है। वर्तमान में गांव में कोई नहीं रहता। देवेंद्र ने बिहार के सिवान से बीएएमएस करने के बाद सबसे पहले वर्ष 1984 से 11 वर्ष तक जयपुर के बांदीकुई में जनता हॉस्पिटल और डायग्नोस्टिक के नाम से क्लीनिक चलाया।
क्षेत्र के गांव दलालपुर निवासी उदयवीर, वेदवीर और राज के संपर्क में आया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया था कि इन तीनों लोगों के साथ मिलकर उसने चालकों की हत्या करके एलपीजी सिलेंडर ले जाने वाले ट्रकों को लूटना शुरू किया।
वर्ष 2004 में अलीगढ़ के अतरौली थाने में 2004 में हत्या व साक्ष्य छुपाने का मुकदमा निल पर दर्ज हुआ था, जो बाद में छतारी ट्रांसफर हो गया। अतरौली के रायपुर स्टेशन के पास डॉ. देवेंद्र एक गाड़ी के साथ पकड़ा गया था, जिसमें शव भी था। जिसे वह ठिकाने लगाने के लिए जा रहा था।
दो साल पहले आया था गांव
वर्ष 2020 में हत्या के एक मामले में ताउम्र सजायाफ्ता देवेंद्र शर्मा को जयपुर की सेंट्रल जेल से जनवरी में 20 दिन के पैरोल मिली थी। तब वह छर्रा थाने में नियमित हाजिरी लगाने आता था। इसी दौरान वह एक दिन कार से गांव गया था। आधा घंटा ही रहा होगा। इसके बाद वह लापता हो गया।
पैरोल पर बाहर आने के बाद पुलिस से बचने के लिए दिल्ली में एक विधवा से शादी की और उसके साथ रहते हुए प्रॉपर्टी का काम करने लगा। छह माह बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया था।
गांव के लोगों का कहना है कि पुश्तैनी मकान में कोई नहीं रहता। पिताजी के नाम 13 से 14 बीघा खेती है। तब उसने खेती और मकान बेचने के बारे में लोगों से चर्चा की थी। इसके बाद वह गांव नहीं आया। गांव के 80 प्रतिशत लोग तो उसे पहचानते तक नहीं है।
छर्रा थाने में खुली हुई है क्राइम हिस्ट्रीशीट
अपराध के लिए देवेंद्र एनसीआर को ही केंद्र में रखा। अलीगढ़ का होने के नाते वह आसपास की भौगोलिक परिस्थिति से परिचित था। अलीगढ़ से लेकर दिल्ली व अन्य मार्गों को जानता था। अपराध के बाद वह पुलिस से बचने के लिए इन्हीं मार्गों का इस्तेमाल करता था।
पुलिस के अनुसार, छर्रा में खुली हिस्ट्रीशीट में उस पर 19 मुकदमे शामिल हैं। इनमें हत्या, साक्ष्य छुपाने व अपहरण के आठ केस हैं। सभी घटनाओं को अलीगढ़ के बाहर ही अंजाम दिया।
1995 में वृंदावन में एक हत्या की थी। उसी साल हाथरस के सासनी में हत्या को अंजाम दिया था। 2002 में फरीदाबाद में अपहरण कर हत्या व साक्ष्य छुपाने का एक मुकदमा दर्ज हुआ। उसी साल राजस्थान के हिंडोन सिटी में हुई एक हत्या हुई।
2003 में हरियाणा के पलवल में अपहरण कर हत्या व साक्ष्य मिटाने के दो, होडल में 2004 में हत्या व साक्ष्य छुपाने का एक मामला शामिल है। अलीगढ़ के अतरौली थाने में 2004 में हत्या व साक्ष्य छुपाने का मुकदमा निल पर दर्ज हुआ था, जो बाद में छतारी ट्रांसफर हो गया।

