हिसार/पानीपत। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में हरियाणा के हिसार में यूट्यूबर 33 वर्षीय ज्योति मल्होत्रा और नूंह में 22 वर्षीय अरमान नामक युवक की गिरफ्तारी हुई है।
अरमान को पुलिस ने शुक्रवार रात और ज्योति को शनिवार को गिरफ्तार किया है। हिसार कोर्ट ने ज्योति को पांच दिन और नूंह कोर्ट ने अरमान को छह दिन के रिमांड पर पुलिस भेजा है।

पाक के लिए जासूसी के आरोप में पिछले 4 दिनों में 4 गिरफ्तारी

ज्योति पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी पीआईओ (पाकिस्तान इंटेलिजेंस आप्रेटिव्स) के संपर्क में थी। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हरियाणा में पिछले चार दिन में चार गिरफ्तारी हुई हैं।

इससे पहले पानीपत से बुधवार को 24 वर्षीय नोमान इलाही, कैथल से शुक्रवार को 25 वर्षीय देवेंद्र सिंह ढिल्लों और शुक्रवार को ही नूंह से 22 वर्षीय अरमान को गिरफ्तार किया जा चुका है।

चारों जासूसों को आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ

वहीं, रोहतक से जुड़े एक यूट्यूबर को भी पुलिस ने शक के दायरे में लिया है। ये यूटयूबर ज्योति के साथ पाक उच्चायोग की पार्टी में शामिल हुआ था। ज्योति और अरमान पाकिस्तानी उच्चायोग के अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थे।
यह वही दानिश है, जिसे भारत सरकार ने जासूसी कराने के आरोप में बीते 13 मई को देश छोड़ने का आदेश दिया था। जांच एजेंसियां अब गिरफ्तार चारों जासूसों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती हैं।

ऐसे हुई थी ज्योति की दानिश से मुलाकात

हिसार के न्यू अग्रसेन कॉलोनी निवासी ज्योति को हिसार पुलिस की सीआईए टीम ने वीरवार देर रात उसके घर से हिरासत में लिया था। शुक्रवार को पूछताछ की गई और शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने ट्रैवल विद जो के नाम से यू-ट्यूब चैनल बनाया हुआ है। 2018 में उसने पासपोर्ट बनवाया था।

2023 में पाकिस्तान का वीजा लगवाने दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन गई थी। वहां पर दानिश से मुलाकात हुई। ज्योति ने दानिश का मोबाइल नंबर ले लिया था। दोनों की बातचीत होनी लगी और गहरा संबंध बन गया। पाकिस्तान गई तो दानिश के कहने पर अली अहवान से मिली। वहां अली ने ही उसके रुकने, ठहरने और घूमने प्रबंध किया।

चौथी बार पाक जाने की थी तैयारी

ज्योति ने पुलिस पूछताछ में बताया कि इंटेलीजेंसी और पाकिस्तान सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों से मिलने के साथ ही उसकी मुलाकात शाकिर और राणा शहबाज से करवाई गई थी। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान होने के बाद वह वापस भारत आ गई।
इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उनसे संपर्क में रही। परिवार, दोस्तों व किसी को अन्य शक न हो इसलिए उसने शाकिर का नंबर भी जट रंधावा के नाम से सेव किया। शाकिर सहित पाकिस्तान के कई अधिकारियों व खुफिया एजेंसी के लोगों को अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट के माध्यम सूचनाएं देनी लगी।
ज्योति का दानिश से गहरा जुड़ाव था। उसने इसी महीने में दिल्ली में उससे मुलाकात की थी। आलम यह था कि वह चौथी बार पाकिस्तान जाने की तैयारी में थी। वीजा के लिए अप्लाई कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *