चरथावल का मुख्य मार्ग बना अतिक्रमण का अड्डा, रोज लग रहा जाम, बड़े हादसे को न्योता

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के नगर पंचायत चरथावल का मुख्य मार्ग इन दिनों अतिक्रमण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। मुजफ्फरनगर और थानाभवन को जोड़ने वाला यह व्यस्त मार्ग अब संकरा और अव्यवस्थित नजर आने लगा है। सड़क और फुटपाथ, जो आमजन की सुविधा के लिए बनाए गए थे, उन पर लगातार बढ़ते कब्जों ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

सड़क पर दुकान, फुटपाथ पर कब्जा
मुख्य बाजार क्षेत्र में कई दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान सड़क तक फैलाया जा रहा है। कहीं रेहड़ी-ठेले, तो कहीं स्थायी निर्माण जैसी स्थिति बन चुकी है। फुटपाथ, जो पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता होना चाहिए, वह अब व्यापारिक गतिविधियों का हिस्सा बन गया है।

मजबूरन पैदल राहगीरों को भी सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

रोजाना जाम, घंटों फंसे रहते वाहन

शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बसें और दोपहिया वाहन जाम में फंस जाते हैं। कई बार मामूली बात पर कहासुनी और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ जाती है।

हादसों का इतिहास, फिर भी बेपरवाही

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, अतिक्रमण के कारण पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अचानक सामने आ रहे वाहन, संकरे रास्ते और अव्यवस्थित पार्किंग के चलते दोपहिया सवार और पैदल चलने वाले सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी है।

कुछ स्थानीय लोगो का आरोप है कि कुछ दबंग प्रवृत्ति के दुकानदारो के होंसले इतने बुलंद कि अतिक्रमण करने के बावजूद अपनी दुकान के बाहर दो पहिया या अन्य वाहन पार्क नहीं करने देते विरोध करने पर वाहन स्वामियों के साथ अभद्र व्यवहार कर धमकी भी देते हैं जिससे आम नागरिक खुलकर शिकायत करने से भी कतराते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *