Anuj Tyagi


निजी अस्पतालों की मनमानी के खिलाफ भाकियू (तोमर) का प्रदर्शन, सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में निजी अस्पतालों में कथित अनियमितताओं और मरीजों से वसूली के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।

डॉक्टरों की डिग्री और सर्जरी की जांच की मांग

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले के कुछ निजी अस्पतालों में ऐसे चिकित्सक भी ऑपरेशन और गंभीर इलाज कर रहे हैं, जिनकी योग्यता और डिग्री संदिग्ध बताई जा रही है। संगठन ने मांग की कि जनपद के सभी निजी अस्पतालों में तैनात डॉक्टरों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों और विशेषज्ञता की विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही बिना मान्यता या फर्जी दस्तावेजों के संचालित हो रहे क्लीनिकों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

‘इमरजेंसी’ के नाम पर वसूली का आरोप

भाकियू (तोमर) ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अस्पताल इमरजेंसी सेवाओं के नाम पर मरीजों से अत्यधिक शुल्क वसूल रहे हैं। संगठन का कहना है कि सामान्य फीस की तुलना में दो से ढाई गुना तक राशि ली जा रही है, जिससे किसानों और आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। यूनियन ने प्रशासन से ऐसी वसूली पर रोक लगाने और शुल्क निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

निष्पक्ष कार्रवाई पर जोर

संगठन ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी चिकित्सक या अस्पताल के उत्पीड़न के पक्ष में नहीं है। ज्ञापन में कहा गया कि पहले निष्पक्ष और व्यापक जांच कराई जाए, और यदि किसी संस्था या व्यक्ति की गलती सिद्ध होती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बिना जांच के किसी अस्पताल को सील न करने की भी मांग रखी गई।

प्रशासन का आश्वासन

सीएमओ कार्यालय ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले की जांच का भरोसा दिलाया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

इस मौके पर डॉक्टर आसिफ (जिला अध्यक्ष, चिकित्सा प्रकोष्ठ), डॉ. साकिब (युवा जिला अध्यक्ष, चिकित्सा प्रकोष्ठ), रिहान चौधरी (पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष), आकिल राजपूत (युवा जिला प्रभारी), आशीष शर्मा (नगर अध्यक्ष), सलीम मलिक (युवा नगर अध्यक्ष), जाकिर ठाकुर (ब्लॉक उपाध्यक्ष) सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित तोमर ने कहा कि संगठन किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यदि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता नहीं लाई गई और अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी, तो भाकियू (तोमर) बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

नगर अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही और आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *