भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाज़ी: भाकियू अराजनैतिक

मुजफ्फरनगर, 13 फरवरी 2026।
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ‘अंतरिम’ ट्रेड डील/फ्रेमवर्क को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि अभी कोई अंतिम समझौता तय नहीं हुआ है, इसलिए इसके पक्ष या विरोध में निष्कर्ष निकालना जल्दबाज़ी होगी।

राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि संयुक्त बयान के बाद फैक्टशीट में लगातार बदलाव हो रहे हैं, ऐसे में डील पूरी होने से पहले भ्रम फैलाना उचित नहीं है। युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगम्बर सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी दल और संगठन किसानों में भ्रम पैदा कर रहे हैं, जबकि वास्तविक लाभ-हानि का आकलन अंतिम समझौते के बाद ही संभव है।

संगठन के नेताओं ने कहा कि टैरिफ में संभावित कमी से बासमती चावल, मसाले और कपड़ा क्षेत्र को लाभ मिल सकता है, जिसका सीधा फायदा संबंधित किसानों को होगा। वहीं छोटे दलहन और तेलहन उत्पादकों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार को एमएसपी, आयात शुल्क और अन्य नीतिगत संरक्षण मजबूत रखना चाहिए।

भाकियू (अराजनैतिक) ने केंद्र सरकार से मांग की है कि गैर-शुल्क बाधाओं (नॉन-टैरिफ बैरियर) पर कोई समझौता न किया जाए और किसान हित सर्वोपरि रखे जाएं। संगठन ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रम में न आएं और अंतिम डील के बाद ही स्थिति का आकलन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *