देवा रोड पर दिनदहाड़े गोलीकांड: शोएब उर्फ बॉबी की हत्या से सनसनी

बाराबंकी/लखनऊ। बाराबंकी में शुक्रवार को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में शोएब किदवई उर्फ बॉबी की हत्या कर दी गई। वह कभी माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी के रूप में चर्चा में रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोएब लखनऊ से वापस लौट रहे था। जैसे ही उनकी कार देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास पहुंची, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। कार पर कई जगह गोलियों के निशान पाए गए हैं। अचानक हुई फायरिंग से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शोएब को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात कोतवाली क्षेत्र में हुई है।

फोरेंसिक जांच, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया। फोरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। हत्या की सूचना पर आईजी प्रवीण कुमार सहित डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार शोएब पर हत्या, रंगदारी और गैंगवार से जुड़े कई मुकदमे दर्ज थे। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और गैंग के भीतर वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पूर्व में गैंग से जुड़े घटनाक्रमों के बाद आपसी तनाव बना हुआ था।

पुराना मामला रहा सुर्खियों में

शोएब का नाम वर्ष 1999 में लखनऊ में हुए जेलर रमाकांत तिवारी हत्याकांड में भी सामने आया था। उस मामले में कई चर्चित नाम सामने आए थे, हालांकि बाद में अदालत ने सभी आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया था।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *