उधर,श्रीनगर एयरपोर्ट भी दोपहर तक ठप रहा और अमृतसर एयरपोर्ट पर तीन उड़ानें रद करनी पड़ीं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कोहरे का असर मैदानी क्षेत्रों खासकर हरियाणा और पंजाब में रहेगा। हरियाणा के उत्तरी और दक्षिणी जिलों में वर्षा का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
कई राज्यों में दृश्यता शून्य तक पहुंची
दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में ठंड बढ़ने के साथ ही शुक्रवार को प्रदेश कोहरे की चादर में लिपटा रहा। दृश्यता 10 मीटर होने से कई जिलों में हादसे हुए। वहीं मौसम विज्ञानियों ने अभी प्रदेश में कोहरे की संभावना जताई है।
प्रदेश के पांच जिलों में 19 वाहन टकराए
हरियाणा में घनी धुंध में कई हादसे हुए। पांच जिलों में 19 वाहन टकराए। इसमें दो की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। फतेहाबाद और करनाल में अज्ञात वाहन ने दो लोगों को कुचल दिया। नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आठ वाहन टकराए। हिसार में तीन जगह हादसे हुए।
ठंड से बचने को अंगीठी जलाकर सोए बुजुर्ग के बिस्तर में लगी आग, जलकर मौत झज्जर के सिलानी जालिम गांव में ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सोए बुजुर्ग की बिस्तर में आग लगने से जलकर मौत हो गई। मृतक 80 वर्षीय सीतराम मूलरूप से बिहार का रहने वाला था।

