बरेली। बंद पड़े भट्ठे में मिले महिला के शव की शिनाख्त तीसरे दिन भी नहीं हो पाई। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई, इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो गई। महिला वहां कैसे पहुंची इस बारे में किसी को जानकारी नहीं है। पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जता रही है कि जिस स्थान पर महिला का शव मिला है, उसे कोई अंजान व्यक्ति नहीं ढूंढ सकता।
जिसे भट्ठे के पूरे नक्शा नजीर के बारे में जानकारी होगी, वही व्यक्ति वहां पर आकर घटना को अंजाम दे सकता है। इसी के साथ महिला के कपड़ों के आधार पर पुलिस का मानना हैं कि यह दहेज हत्या या आनर किलिंग हो सकती है क्योंकि महिला नाइट ड्रेस पहनी थी। ऐसे कपड़े महिलाएं अमूमन घरों में पहनती हैं। इसलिए पुलिस अब इसे दहेज हत्या या फिर आनर किलिंग से भी जोड़ रही है।
वर्षों से बंद पड़ा हुआ है ईंट भट्ठा
हाफिजगंज के लाड़पुर गौटिया गांव स्थित ईंट भट्ठा वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। भट्ठा मालिक ने एक चौकीदार की ड्यूटी वहां पर इसलिए लगाई, ताकि उस जमीन पर कोई कब्जा न कर सके। चौकीदार भी वहां पर हर दिन आता-जाता नहीं था। शनिवार दोपहर एक किसान घास काटने भट्ठे की तरफ गया तो वहां पर उसने अर्धनग्न अवस्था में चेहरा जला हुआ महिला का शव देखा। इसकी सूचना उसने गांव वालों और पुलिस को दी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से शिनाख्त करने को कहा, लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं सका। पुलिस को महिला के शव के पास से एक केन, एक लाइटर, नीले रंग का लोअर और महिला की जूती पड़ी हुई मिली थी। पुलिस का कहना हैं कि जिस तरह के कपड़े महिला पहनी हुई थी। ऐसे कपड़े अमूमन वह घर में पहनती हैं। किसी से मिलने आने पर इस तरह के कपड़े नहीं पहनती हैं। इसलिए आशंका हैं कि महिला की की दहेज हत्या या आनर किलिंग हुई है।

