डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि सिकंदरा और जगदीशपुरा इलाके में बाइक पर फेरी लगाकर गांजा बेचने की जानकारी मिली थी।
शुक्रवार रात 12 बजे खड़वाई नहर से बाइक सवारों का पीछा करते हुए पुलिस अरसेना गांव तक पहुंची। वहां बाइक सवारों के एक घर में जाने पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी करके छापा मारा। मौके से बाइक सवारों को दबोच लिया। मकान मालिक मौके से भाग निकला।
ये युवक पुलिस ने किए गिरफ्तार
गिरफ्तार युवक अरसेना के मनीष मुदगल एवं रैपुरा अहीर अछनेरा के रितिक कुमार हैं। मकान से पुलिस ने 155 किलोग्राम गांजा बरामद किया।आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि मकान मालिक हरिओम शर्मा है। वह ओडिशा से किसी परिचित के माध्यम से मथुरा गांजा मंगाता था। वहां से अपने घर पर लेकर आता था। हरिओम उनके माध्यम से सिकंदरा एवं जगदीशपुरा में खरीददारों को माल भेजता था।
एक दिन में पांच से सात किलो गांजा बेचते थे
एक दिन में पांच से सात किलोग्राम गांजा वह खपा देते थे। खुले में इसे 100 एवं 200 रुपये की पुड़िया में बेचते थे। डीसीपी सिटी ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों से बाइक और 155 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों को शनिवार जेल भेजा गया है।
15 हजार का माल 30 हजार में बेचते थे
पूछताछ में मनीष और रितिक ने बताया कि ओडिशा से आया गांजा 15 हजार रुपये प्रति किलोग्राम में आता है। जिसे फुटकर में वह 30 हजार रुपये में बेच लेते हैं। हरिओम शर्मा उन्हें माल बेचने पर प्रति किलोग्राम दो हजार रुपये देता था।

