असलम त्यागी
50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में देर रात बुढाना कोतवाली क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके में पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वांछित और इनामी अपराधी क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर बुढाना, शाहपुर और तितावी थानों की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद घायल हो गया। वहीं बदमाश की गोली लगने से सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार और कांस्टेबल अशफाक भी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अमजद की मृत्यु हो गई, जबकि दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।
मौके से पुलिस ने 9 एमएम की कार्बाइन, एक पिस्टल, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, कारतूस, कुछ दस्तावेज, मोबाइल फोन तथा लूटी गई ज्वेलरी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अमजद अंतरराज्यीय स्तर का सक्रिय अपराधी था और उसकी पहचान लूट की कई वारदातों में हुई थी।
एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर बताया कि बदमाश पर लगभग 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें लूट, हत्या और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और बिहार सहित कई राज्यों में मामले दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसएसपी ने बताया कि पूरी कार्रवाई एसपी देहात और सीओ बुढाना के नेतृत्व में की गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस वाहन पर भी गोलियों के निशान मिले हैं और बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और बरामद हथियारों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

