चरथावल में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा महाशिवरात्रि पर्व पर आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल मे 12 फरवरी 2026 गुरुवार को प्रजापति ईश्वरीय ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय, चरथावल केंद्र पर महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अनुज कुमार गर्ग (अध्यक्ष, व्यापार मंडल चरथावल) रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन एवं धर्म ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “शिव ही सत्य है और सत्य ही शिव है।” उन्होंने समाज में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश भी दिया।
मंच संचालन शशांक भाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी ने महाशिवरात्रि का आध्यात्मिक रहस्य बताते हुए कहा कि सच्ची शिवरात्रि तब है, जब आत्मा अज्ञानता के अंधकार से निकलकर परमात्मा शिव के ज्ञान से आलोकित होती है और शांति, पवित्रता एवं दिव्य गुणों को धारण करती है।
उन्होंने संदेश दिया कि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार इन पांच विकारों का त्याग ही जीवन से पापाचार, दुराचार और भ्रष्टाचार का अंत कर सच्ची शिवरात्रि मनाने का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम के अंत में चरथावल केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी टोओसी बहन ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नंदकिशोर त्यागी, विनोद कुमार, रविंद्र कुमार, मदन कुमार, असलम त्यागी, सौरभ कुमार, रश्मि, पारुल, रूबी, आरती, बबली, रेखा, रजनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बहनों ने सहभागिता की।

