उसी दिन जब जामा मस्जिद इलाके में हिंसा शांत हुई तो उसके कुछ समय बाद ही नखासा थाना क्षेत्र के नखासा चौराहे से लेकर हिंदुपुरा खेड़ा तक उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया था। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि इस बात को 16 दिन बीत चुके हैं। शहर में अब हालात भी सामान्य हो चुके हैं, लेकिन पुलिस का पहिया अब घूम रहा है।
उपद्रवियों की गई पहचान
सीसीटीवी फुटेज और अन्य फोटो और वीडियो के माध्यम से उपद्रवियों की पहचान की जा चुकी है। लगातार दबिश देकर उनकी गिरफ्तारियां भी की जा रही हैं। अब पुलिस ने सर्च आपरेशन तेज कर दिया है। संवेदनशील क्षेत्रों की हर गली और हर कोने को खंगाला जा रहा है। उपद्रवियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उधर, जामा मस्जिद इलाके में सैकड़ों मकानों में ताले लटके पड़े हैं। हालात सामान्य होने के बावजूद भी लोग अपने घरों को नहीं लौट सके हैं।
दीपा सराय और तीमरदास सराय में पुलिस ने चलाया था सर्च अभियान
सोमवार की शाम पुलिस ने नखासा थाना क्षेत्र के मुहल्ला दीपा सराय और तीमरदास सराय में सर्च अभियान चलाया था। एसपी कृष्ण कुमार ने हिंसा में शामिल उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए दीपा सराय के 13 मकानों में छापेमारी की। जिसमें से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके पास 93 स्मैक की पुड़िया, दो तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ उनका पिछला आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।

