यूक्रेन की प्रथम उप विदेश मंत्री एमीन झापरोवा रविवार को चार दिवसीय यात्रा पर भारत आ रही हैं. पिछले साल रूस-यूक्रेन के बीच शुरू हुए युद्ध के बाद पूर्वी यूरोपीय देश की यह पहली आधिकारिक यात्रा है. विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में झापरोवा की भारत यात्रा की घोषणा की. जिसमें बताया गया है कि यूक्रेन की विदेश मामलों की प्रथम उप मंत्री एमीन झापरोवा 9 से 12 अप्रैल तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगी.

न्यूज एजेंसी के मुताबिक झापरोवा विदेश मंत्रालय (एमईए) में सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा के साथ बातचीत करेंगी. इस दौरान दोनों पक्षों के द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने, यूक्रेन की मौजूदा स्थिति और आपसी हित के वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने की उम्मीद है. वहीं माना जा रहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूक्रेन आने का निमंत्रण दे सकती हैं. झापरोवा विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी और उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिश्री से भी मुलाकात करेंगी.

बता दें कि पिछले साल 4 अक्टूबर को यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बातचीत की थी. तब पीएम मोदी ने कहा था कि युद्ध का कोई सैन्य समाधान नहीं हो सकता है और भारत किसी भी शांति प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है. हालांकि भारत ने अभी तक यूक्रेन पर रूसी हमले की निंदा नहीं की है और यह कहता रहा है कि संकट को कूटनीति और बातचीत के माध्यम से हल किया जाना चाहिए.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत यूक्रेन के साथ मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध और बहुमुखी सहयोग साझा करता है. मंत्रालय के बयान में कहा गया, “कूटनीतिक संबंध स्थापित करने के पिछले 30 वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग ने व्यापार, शिक्षा, संस्कृति और रक्षा के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है. यह यात्रा आपसी समझ और हितों को आगे बढ़ाने का एक अवसर होगी.”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed