दहेज को लेकर विवाहिता से मारपीट का आरोप, फोन पर तीन तलाक देने का भी दावा, पति समेत नौ पर मुकदमा दर्ज 
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के नौ लोगों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता मुस्कान की शादी 1 मई 2024 को मिललाना रोड निवासी मेहरबान के साथ हुई थी। विवाह में उसके मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में बोलेरो गाड़ी और दो लाख रुपये नकद की मांग करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार परेशान किया जाता था। शिकायत में बताया गया कि 18 अप्रैल 2026 को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान उसके पति मेहरबान ने दुपट्टे से उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
विवाहिता के मुताबिक, घटना के बाद वह अपने पिता के साथ ससुराल से जाने लगी। आरोप है कि इसी दौरान ससुराल वालों ने उसकी करीब 14 माह की बेटी मरियम को अपने पास रख लिया। इसके बाद पति द्वारा फोन पर उसे तीन तलाक कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति मेहरबान समेत ससुराल पक्ष के कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

