23 सितंबर को कांग्रेस का हाथ थामेंगे अमीर आलम और नवाजिश आलम, मीरापुर को लेकर भी सियासी चर्चा
मुज़फ्फरनगर।उत्तर प्रदेश की सियासत में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व सांसद अमीर आलम खान और उनके बेटे पूर्व विधायक नवाजिश आलम खान आजाद समाज पार्टी से इस्तीफा देने के बाद 23 सितंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे। दोनों नई दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
अमीर आलम खान 1985, 1989 और 1996 में तीन बार विधायक निर्वाचित हुए। 1999 में वह कैराना लोकसभा सीट से सांसद चुने गए और बाद में समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा सदस्य भी रहे। वह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उनके बेटे नवाजिश आलम खान 2012 में बुढ़ाना विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे।
अमीर आलम खान और नवाजिश आलम लंबे समय तक राष्ट्रीय लोक दल से भी जुड़े रहे। वर्ष 2025 में दोनों ने रालोद छोड़कर आजाद समाज पार्टी का दामन थामा था और अब करीब डेढ़ साल बाद आसपा से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों के अनुसार, अमीर आलम खान ने कांग्रेस में जाने से पहले समाजवादी पार्टी में शामिल होने का प्रयास भी किया था, लेकिन बात नहीं बन सकी। अब कांग्रेस के जरिए सपा गठबंधन के तहत मीरापुर विधानसभा सीट पर दावेदारी की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक अमीर आलम अपने बेटे पूर्व विधायक नवाजिश आलम खान को मीरापुर से चुनाव लड़ाने की कोशिश में हैं।
हालांकि, गठबंधन में मीरापुर सीट को लेकर अंतिम फैसला और नवाजिश आलम की उम्मीदवारी अभी तय नहीं है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी और गठबंधन के स्तर पर इस दावेदारी को स्वीकार किया जाएगा?
#AmirAlamKhan #NawajishAlam #Congress #SP #Meerpur #Muzaffarnagar #UPPolitics #RajsattaPost

