मुजफ्फरनगर: लोहिया बाजार की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। शहर के सब्जी मंडी के पीछे स्थित लोहिया बाजार में रविवार तड़के एक दुकान में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। रुई, गैस पाइप और अन्य सामान की दुकान में रात्रि करीब 3:30 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

रात्रि के समय दुकान से उठती आग की भीषण लपटों को देखकर आसपास के पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि दुकान के सामान के साथ-साथ पूरे भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

बताया गया कि यह दुकान राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन के राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोरा के चचेरे भाई सचिन अरोरा की है।

घटना की सूचना मिलते ही सुबह करीब 4:00 बजे फायर सर्विस की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन विभाग के फायर फाइटर्स ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत और जोखिम उठाते हुए फायर फाइटर्स ने आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के करीब दो घंटे बाद भी आग को पूरी तरह शांत करने का काम जारी रहा। रविवार सुबह करीब 6:15 बजे फायर फाइटर्स सीढ़ी लगाकर दुकान की पहली मंजिल पर पहुंचे और वहां बची हुई आग को पूरी तरह बुझाने में जुटे रहे।

फिलहाल आग लगने से दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान के जलकर खाक होने की बात सामने आई है। आग लगने के कारणों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *