मुज़फ़्फ़रनगर में गांजा तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल; 20.5 किलो गांजा, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद
रोहित त्यगी
मुज़फ़्फ़रनगर के तितावी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गांजा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। लखान रोड पर पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार नितिन से पुलिस का आमना-सामना हुआ। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
बुढ़ाना सीओ नरेंद्र यादव के अनुसार, मुठभेड़ रात करीब 12:30 बजे हुई। घायल आरोपी की पहचान नितिन के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि नितिन गांजा लेकर आसपास के गांवों में सप्लाई करने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान लखान रोड पर पुलिस की चेकिंग के दौरान उसका सामना पुलिस टीम से हो गया।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20.5 किलो गांजा बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक तमंचा, कारतूस और बाइक भी बरामद की गई है।
सीओ नरेंद्र यादव के मुताबिक, आरोपी नितिन के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन गांवों में की जानी थी, इसको लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि लखान रोड पर चेकिंग के दौरान हुई इस मुठभेड़ के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है।

