गांजा तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल, 20.5 किलो गांजा, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गांजा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। लखान रोड पर हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 20 किलो 500 ग्राम गांजा, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, तितावी थाने के उपनिरीक्षक अमित कुमार पुलिस टीम के साथ शाहपुर वाले रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर लखान रोड की ओर भागने लगा।

पुलिस का कहना है कि लखान रोड पर पहुंचने के बाद संदिग्ध ने बाइक रोककर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान गोली आरोपी के पैर में लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी की पहचान नितिन पुत्र सोनवीर निवासी गूंगाहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि नितिन गांजा लेकर आसपास के गांवों में सप्लाई करने के लिए पहुंचा था। पूछताछ में नूना खेड़ा में उसकी रिश्तेदारी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 20 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा तमंचा, कारतूस और बाइक भी कब्जे में ली गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नितिन के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *