मुजफ्फरनगर: वशिष्ठ हॉस्पिटल के डॉक्टर से 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, मना करने पर जान से मारने की धमकी
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में जानसठ रोड स्थित वशिष्ठ हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर आशीष वशिष्ठ ने एक व्यक्ति पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। डॉक्टर आशीष वशिष्ठ ने मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल के खिलाफ शिकायत का मामला
शिकायती पत्र के अनुसार, डॉक्टर आशीष वशिष्ठ का आरोप है कि खुद को जाट महासभा मुजफ्फरनगर का सचिव बताने वाला एक व्यक्ति शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायियों और डॉक्टरों के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराकर अवैध वसूली का गिरोह चला रहा है।
डॉक्टर का कहना है कि उक्त व्यक्ति द्वारा उनके अस्पताल के खिलाफ भी शिकायत की गई थी। उनके अनुसार, मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) मुजफ्फरनगर की जांच में शिकायत निराधार पाई गई और किसी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही सिद्ध नहीं हुई।
10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप
डॉक्टर आशीष वशिष्ठ ने आरोप लगाया है कि शिकायत की जांच के बाद भी आरोपी व्यक्ति और उसके साथियों द्वारा उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल को शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के एवज में आरोपी ने डॉक्टर से 10 लाख रुपये की फिरौती/रंगदारी की मांग की। डॉक्टर के अनुसार, रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने एसडीएम और विभिन्न विभागों में शिकायत कर अस्पताल बंद करवाने तथा जान से मारने की धमकी दी।
परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
डॉक्टर आशीष वशिष्ठ ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि आरोपी व्यक्ति के जिले के कुछ बड़े लोगों से संबंध हैं। इसके चलते उन्होंने अपने और अपने परिवार के जान-माल को खतरा होने की आशंका जताई है।
डॉक्टर ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
थाना नई मंडी में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
पीड़ित डॉक्टर ने थाना नई मंडी में रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविकता और मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट-रोहित त्यागी
📍 राजसत्ता पोस्ट | मुजफ्फरनगर
#Muzaffarnagar #UPNews #CrimeNews #RajsattaPost #BreakingNews

