कौशल, उद्योग और रोजगार के संगम से विकसित उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर: कपिल देव अग्रवाल
लखनऊ। विभूति खंड, गोमती नगर स्थित ताज पैलेस में आयोजित पीएम-सेतु इंडस्ट्री कॉन्क्लेव—इंगेजमेंट इन उत्तर प्रदेश कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सहभागिता की। कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी तथा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की। कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य कौशल विकास, उद्योगों की जरूरतों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा।
इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक, कौशल और रोजगार केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उनकी क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पीएम-सेतु जैसी पहल युवाओं के कौशल को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है। प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय से युवाओं को ऐसा व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव मिल सकेगा, जिससे उन्हें रोजगार के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि केवल शैक्षणिक प्रमाणपत्र युवाओं के भविष्य को सुनिश्चित नहीं कर सकते। आज आवश्यकता ऐसे कौशल की है, जो बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप हो। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में प्रभावी योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक बड़ा उपभोक्ता बाजार नहीं, बल्कि देश की युवा शक्ति, प्रतिभा और हुनर का महत्वपूर्ण केंद्र है। यदि युवाओं को सही दिशा, आधुनिक कौशल और पर्याप्त अवसर मिलें तो यही युवा प्रदेश को आर्थिक और औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।

कार्यक्रम में उद्योग प्रतिनिधियों और शिक्षण संस्थानों के बीच कौशल प्रशिक्षण को रोजगारपरक बनाने, उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम एवं प्रशिक्षण विकसित करने तथा युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला न बने, बल्कि अपने हुनर और क्षमता के बल पर रोजगार देने वाला भी बने।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कौशल, उद्योग और रोजगार के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर प्रदेश के युवाओं के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Lucknow #UttarPradesh

