दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹81 लाख का सोना बरामद, कुकवेयर के ढक्कन में छिपाकर यात्री लाया था 523 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
नई दिल्ली इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने प्रोफाइलिंग और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 कैरेट सोने की तस्करी का प्रयास विफल कर दिया। कस्टम अधिकारियों ने एक यात्री के सामान से 523 ग्राम सोना बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक 17 अगस्त 2026 सऊदी अरब की राजधानी रियाद से मुंबई और फिर मुंबई से दिल्ली आने वाली फ्लाइट संख्या 6E-315 के एक यात्री को IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर रोका गया। यात्री के चेक-इन बैगेज में घरेलू उपयोग का सामान और एक कुकवेयर सेट था।
एक्स-रे स्क्रीनिंग के दौरान बैगेज में संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने सामान की गहन जांच की। जांच में कुकवेयर के ढक्कन के ठोस हिस्से के अंदर बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए 24 कैरेट सोने के 15 कट पीस बरामद हुए। सोने का कुल शुद्ध वजन 523 ग्राम बताया गया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत लगभग ₹81 लाख आंकी जा सकती है।
कस्टम विभाग ने यात्री को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा सोने की तस्करी के नेटवर्क और यात्री के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

