पीपलकोटी टनल हादसा: एक और श्रमिक सुरक्षित बाहर निकाला गया, अब एक की तलाश जारी
चमोली। हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को सुरक्षित टनल से बाहर निकाल लिया गया। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
एक और श्रमिक के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद अब केवल एक लापता श्रमिक की तलाश शेष है। उसे खोजने के लिए रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं। टनल के भीतर संभावित स्थानों पर लगातार सघन सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है। इसके साथ ही टनल में जमा पानी और स्लज की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। सक्शन पंपों समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी और मलबा हटाया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान हो और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश की जा सके।
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और रेस्क्यू कार्य को गति देने के लिए मौके पर आवश्यक संसाधन एवं उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता अब टनल के अंदर फंसे एकमात्र लापता श्रमिक को जल्द से जल्द खोजकर सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके लिए टनल के सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ काम कर रही हैं और श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं।
#Chamoli #RescueOperation #RajsattaPost #AnujTyagiPost

