खेत की डोल काटने के विवाद में लाठी-डंडों से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के ग्राम दूधली में खेत की डोल काटने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार पर कथित रूप से लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में चरथावल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कस्बा चरथावल स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। मामले में तीसरे आरोपी की भूमिका की भी विवेचना की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त 2026 को ग्राम दूधली निवासी बबिता पत्नी देवेंद्र कुमार थाना चरथावल पहुंचीं और तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपने पति देवेंद्र कुमार और देवर उमाकांत के साथ खेत पर काम कर रही थीं। इसी दौरान डोल काटने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सचिन पुत्र विनोद, विनोद पुत्र महेंद्र और बबिता पत्नी विनोद निवासी ग्राम दूधली ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमले में उसे, उसके पति और देवर को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना चरथावल में मुकदमा अपराध संख्या 139/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 115(2), 351(3) और 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपियों के चरथावल क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सचिन पुत्र विनोद और विनोद पुत्र महेंद्र, दोनों निवासी ग्राम दूधली, को नायरा पेट्रोल पंप के पास से करीब 3:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल सतीश और कांस्टेबल प्रनय शामिल रहे।

