खेत में काम कर रहे परिवार के साथ मारपीट, दो लोग घायल, जान से मारने की धमकी का आरोप

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव दुधली में खेत पर काम कर रहे परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता बबीता पत्नी देवेंद्र कुमार निवासी दुधली ने थाना चरथावल में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे बबीता खेत में अपने परिवार को खाना देने गई थीं। उस समय उनके पति देवेंद्र कुमार और देवर उमाकांत खेत में काम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सचिन पुत्र विनोद, विनोद पुत्र महेंद्र और विनोद की पत्नी बबीता वहां पहुंचे और लोहे की रॉड व डंडों से अचानक हमला कर दिया।

हमले में बबीता के पति देवेंद्र और देवर उमाकांत के सिर में गंभीर चोटें आने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग पहुंच गए और उन्होंने बीच-बचाव कर घायलों को आरोपियों से छुड़ाया। पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। आरोप है कि उन्होंने बबीता के बेटों प्रियांशु और कार्तिक को भी जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि नामजद आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा घायलों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पीड़िता ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *