देहरादून में सीएम धामी ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर की सात बड़ी घोषणाएं
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ।
समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिस विभाग के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर बलिदानियों को नमन करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस जवानों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। बलिदानी परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये तथा परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों के लिए यह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
युवाओं और खिलाड़ियों के लिए भी अहम घोषणाएं
सीएम धामी ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। प्रथम चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा, जिसके लिए 7 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड ने खेलों के क्षेत्र में अपनी पहचान और मजबूत की है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक हासिल किए हैं। स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल विश्वविद्यालय के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस पर सात बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करना, प्रदेश में पहला ‘युवा आयोग’ गठित करना तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता देना शामिल है।
इसके अलावा वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार देने, प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने की घोषणा की गई।
18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू करने की भी घोषणा हुई। इसके तहत आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दिए जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#Dehradun #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #RajsattaPost #AnujTyagiPost

