मायापुर टनल हादसे के बाद CM धामी ने घटनास्थल पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा, 3 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए दिए हरसंभव प्रयास के निर्देश

चमोली जनपद के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया और बचाव अभियान में जुटी विभिन्न टीमों से मौके पर जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार से हादसे की पूरी जानकारी लेते हुए अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।

प्रशासन के अनुसार टनल में कुल 22 लोग फंसे थे, जिनमें से 19 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। शेष 3 श्रमिकों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। हादसे में अभी तक 7 लोगों की मौत की सूचना है।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन श्रमिकों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों के परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य संबंधित टीमें जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने और टनल में फंसे तीनों श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

#Uttarakhand #Chamoli #PushkarSinghDhami #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *