चरथावल पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ किया गिरफ्तार
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद थाना चरथावल पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान पूर्व में गौकशी समेत कई आपराधिक मामलों में संलिप्त हिस्ट्रीशीटर अपराधी को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाजिद पुत्र सुलेमान निवासी ग्राम निरधना, थाना चरथावल के रूप में हुई है। वह थाना चरथावल का हिस्ट्रीशीटर नंबर 43ए बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त को उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हैबतपुर-बुढ़ीना मार्ग पर एक व्यक्ति अवैध तमंचा लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ट्यूबवेल के पास खड़े संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना चरथावल में मुकदमा अपराध संख्या 138/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वाजिद पूर्व में गौकशी के मामलों में भी संलिप्त रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 तक गौवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया, उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुशील राणा और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।

