कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम उमेश मिश्रा ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर उसे सलामी दी। ध्वजारोहण के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।

ध्वजारोहण के उपरांत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर देता है।
डीएम ने जनपदवासियों से अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करे तो देश को और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और योगदान को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सेनानियों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए कठिन संघर्ष किया और अपना जीवन राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया। उनके बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं। ऐसे महान सेनानियों के परिवार हमारे लिए बेहद आदरणीय और सम्माननीय हैं।
डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराना भी हमारी जिम्मेदारी है, ताकि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया।
#Muzaffarnagar #IndependenceDay #DMUmeshMishra #RajsattaPost #AnujTyagiPost

