किसान संगठनों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया नमन
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर के न्याजूपुरा स्थित भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के प्रदेश कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एआईएमआईएम और भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों को याद करने का अवसर भी है।
भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह आलम ने कहा कि देश के युवाओं को आजादी के इतिहास के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्हें यह समझना चाहिए कि देश को स्वतंत्र कराने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने किस प्रकार संघर्ष और बलिदान दिया। उन्होंने युवाओं से देश की एकता और तरक्की में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हाजी इंतजार अंसारी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर देता है, जिनके बलिदान की वजह से आज हम आजाद देश में शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने देश की एकता, अखंडता, अमन-चैन और खुशहाली के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कार्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव साबिर राणा, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुदेश जी, युवा जिला अध्यक्ष शाहनवाज चौधरी, जुल्फिकार, मसरूफ अहमद चौधरी, साजिद, दिलशाद भाई, शुऐब राणा, अनिल कुमार, नरेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
#Muzaffarnagar #IndependenceDay #KisanSangathan #RajsattaPost #AnujTyagiPost

