मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा, प्रल्हाद पाहुजा के नेतृत्व में योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने का लिया संकल्प

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी की ओर से मुजफ्फरनगर में भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रल्हाद पाहुजा के नेतृत्व में निकली यात्रा में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह करीब 9 बजे जाट कॉलोनी से हुआ। इसके बाद यात्रा नुमाइश कैंप, मीनाक्षी चौक, शिव चौक और प्रकाश चौक से होते हुए जीआईसी ग्राउंड पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।

पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। कार्यकर्ताओं के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहा। यात्रा के दौरान लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रल्हाद पाहुजा ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी मुजफ्फरनगर में तिरंगा यात्रा हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

प्रल्हाद पाहुजा ने कहा कि इस वर्ष की तिरंगा यात्रा को एक विशेष संकल्प के साथ निकाला गया है। उन्होंने कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं की इच्छा एवं प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द से जल्द देश के प्रधानमंत्री बनें। इसी संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, देश की एकता और सनातन संस्कृति के प्रति युवाओं को जागरूक करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई यह यात्रा देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है।

यात्रा के समापन पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और समृद्धि के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

#Muzaffarnagar #TirangaYatra #IndependenceDay #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *