व्हाट्सएप ग्रुप में ग्राम प्रधान को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, मुकदमा दर्ज

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव दूधली में ग्राम प्रधान को व्हाट्सएप ग्रुप पर कथित तौर पर अभद्र गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान शोभित पुण्डीर पुत्र ब्रजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर चरथावल थाने में आरोपी रिंकू उर्फ ऋषिपाल पुत्र धर्मपाल निवासी दूधली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एफआईआर के अनुसार, ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के लोगों के व्हाट्सएप ग्रुप ‘दूधली/दूधली वाले राणा’ में रिंकू उर्फ ऋषिपाल उनके लिए कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने ग्रुप पर जान से मारने की धमकी वाले ऑडियो और मैसेज भी भेजे। इसके अलावा वह गांव के लोगों को कथित रूप से भड़काने का प्रयास करता रहता है।

तहरीर में ग्राम प्रधान ने यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में महापुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के दौरान व्हाट्सएप ग्रुप पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। उक्त मामला उपजिलाधिकारी सदर के न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356(2), 352 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर के मुताबिक मामले की विवेचना उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस अब व्हाट्सएप ग्रुप में किए गए कथित मैसेज और ऑडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *