पुलिसकर्मी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, चलती स्कूटी में लगी भीषण आग
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के अंसारी रोड स्थित साकेत इलाके के मोड़ पर शनिवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब पत्नी के साथ स्कूटी से जा रहे अमित कुमार की स्कूटी में अचानक धुआं निकलने लगा। गश्त पर तैनात एक सतर्क पुलिसकर्मी की नजर जैसे ही स्कूटी से उठते धुएं पर पड़ी, उन्होंने तुरंत दंपति को सतर्क करते हुए स्कूटी रोकने के लिए कहा।
पुलिसकर्मी की सूचना मिलते ही अमित कुमार और उनकी पत्नी आनन-फानन में स्कूटी से उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। देखते ही देखते स्कूटी में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में वह आग का गोला बन गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अमित कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मी की सतर्कता के कारण दोनों समय रहते स्कूटी से दूर हो गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने तक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिसकर्मी की तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

