प्रेम विवाह के बाद युवती ने एसएसपी से मांगी सुरक्षा, परिवार पर धमकी देने का आरोप
राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के मोहल्ला तीरगरान निवासी आंचल धनकर पुत्री संजय कुमार ने प्रेम विवाह के बाद अपने परिवार से जान का खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। आंचल ने 13 अगस्त 2026 को एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी जन्मतिथि 11 अप्रैल 2004 है और वह बालिग है।
आंचल के अनुसार, उसके परिजन उसकी इच्छा के विरुद्ध एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति से पैसे लेकर उसकी शादी कराना चाहते थे। इसके लिए वह तैयार नहीं थी। उसने बताया कि 3 अगस्त 2026 को उसने अपनी मर्जी से हिमांशु पुत्र अनिल कुमार निवासी मकान नंबर 1641, रामलीला टिल्ला, गली नंबर-3, थाना कोतवाली, मुजफ्फरनगर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। आंचल ने कहा कि वह अपने पति के साथ खुशी से रह रही है।
आरोप है कि विवाह से नाराज आंचल के परिजन उसे, उसके पति और ससुराल वालों को गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार को सुरक्षा का खतरा बना हुआ है।
आंचल ने यह भी आरोप लगाया कि चरथावल पुलिस उसे और उसके पति को बार-बार फोन कर थाने बुला रही है। उसने एसएसपी से अपने समक्ष बयान दर्ज कराने और उसे तथा उसके पति की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

