हर घर तिरंगा अभियान के तहत शिव चौक पर गूंजा देशभक्ति का संदेश, मंत्री कपिल देव ने बांटे तिरंगे
मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर मुजफ्फरनगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को शहर के प्रमुख शिव चौक स्थित शिव मूर्ति पर तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने बड़ी संख्या में लोगों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। इस दौरान नगर के नागरिकों, व्यापारियों, समाजसेवियों, ई-रिक्शा चालकों और राहगीरों को तिरंगा देकर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर शिव चौक पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगे को स्वीकार किया और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक देशवासी को एकता, राष्ट्रभक्ति और गौरव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी और उसकी रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाएं और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का विशेष ध्यान रखें।

कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक जिले के अलग-अलग मंडलों और क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं, झंडा वितरण एवं अन्य राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना और हर घर तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ व्यापारी, समाजसेवी और अन्य लोग मौजूद रहे। शिव चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना देखने को मिली।
#Muzaffarnagar #HarGharTiranga #KapilDevAgarwal #RajsattaPost

