चरथावल पुलिस ने निभाई ‘खाकी और धर्म’ की अनूठी मिसाल, कांवड़ियों को बांटा फलाहार और जल
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवा भाव का परिचय देते हुए चरथावल पुलिस ने मानवता और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। थाना चरथावल क्षेत्र की दधेड़ू पुलिस चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार और उनकी टीम ने थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में पिछले एक सप्ताह से चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर ड्यूटी के साथ कांवड़ियों की सेवा में भी जुटी हुई है।
दधेड़ू चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल सुशील कसाना सहित अन्य पुलिसकर्मी लगातार मार्ग पर मुस्तैद रहकर कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सुगम आवागमन सुनिश्चित कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने सेवा भाव दिखाते हुए मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों को जल, फलाहार और कोल्ड ड्रिंक वितरित की।
सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के बावजूद पुलिसकर्मियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश में भीगे और थके हुए कांवड़ियों को पुलिसकर्मियों ने रोककर जलपान कराया और उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिस की इस पहल से कांवड़ियों को काफी राहत मिली।
चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ लगातार क्षेत्र में डटे हुए हैं। पुलिसकर्मी सुरक्षा ड्यूटी के साथ सेवा कार्य को भी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। पुलिस के इस मानवीय रूप की स्थानीय लोगों और कांवड़ियों ने जमकर सराहना की। कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों का आभार जताते हुए कहा कि खाकी का ऐसा सेवाभावी चेहरा पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सम्मान को और मजबूत करता है।

