मुजफ्फरनगर कांवड़ सेवा शिविर पहुंचे राज्यमंत्री दिनेश खटीक, कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा

अनुज त्यागी/विजय मुंडे

मुजफ्फरनगर। घासीपुरा में डीडीएलएस पेपर मिल की ओर से आयोजित 19वें कांवड़ सेवा शिविर में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटीक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मंत्री ने कांवड़ियों को भोजन वितरित कर उनकी सेवा भी की और उनकी कुशलक्षेम जानी।

कांवड़ सेवा शिविर में राज्यमंत्री के पहुंचने पर शिवभक्तों और शिविर समिति के लोगों में उत्साह नजर आया। उन्होंने कांवड़ यात्रा को आस्था और सेवा का पर्व बताते हुए कांवड़ियों की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

साजिद रशीदी के बयान पर दिनेश खटीक का पलटवार

कांवड़ सेवा शिविर में मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यमंत्री दिनेश खटीक से मौलाना साजिद रशीदी के कांवड़ियों को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “हमारी सरकार में साजिद जैसे मुल्ला का इलाज है।” उन्होंने कहा कि जिसने भी सनातन धर्म को लेकर टिप्पणी की है, सरकार ने उसका जवाब दिया है।

दिनेश खटीक ने कहा कि सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से लेती है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयानों पर कार्रवाई की जाती है।

राष्ट्रगान और वंदे मातरम् को लेकर भी बोले मंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर दिए गए बयान पर भी राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रगान और वंदे मातरम् देश के सम्मान से जुड़े विषय हैं और इनके अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले की स्थिति और वर्तमान उत्तर प्रदेश में काफी बदलाव आया है। आज उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है। उन्होंने दावा किया कि अब सरकारी एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रगान और वंदे मातरम् से होती है।

2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भी राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक भाजपा कई राज्यों में सरकार बना चुकी है और उत्तर प्रदेश में भी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा दोबारा सरकार बनाएगी।

दिनेश खटीक ने दावा किया कि 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

इस दौरान मंत्री ने कांवड़ सेवा शिविर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शिवभक्तों की सेवा में जुटे आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

कांवड़ सेवा शिविर में बड़ी संख्या में शिवभक्त, आयोजक एवं क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *