उमर के काफिले की 28 गाड़ियों पर मुकदमा, टोल बैरियर तोड़कर निकलने और कर्मचारियों से मारपीट का आरोप
अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर अहमद को वापस लखनऊ जेल ले जाए जाने के दौरान उसके काफिले में शामिल पुलिस वाहनों के अलावा 28 अन्य गाड़ियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला नवाबगंज टोल प्लाजा का है। टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जय प्रकाश यादव की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है। तहरीर के मुताबिक, शनिवार शाम उमर के काफिले में शामिल सभी गाड़ियां टोल बैरियर तोड़कर बिना टोल फीस दिए निकल गईं।
आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया तो काफिले में शामिल लोगों ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत में कर्मचारियों को वाहन से कुचलने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर काफिले में शामिल बताई गई 28 गाड़ियों के चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों की पुष्टि की जा रही है।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #UttarPradesh #News

