बागपत में कांवड़ मार्ग पर एसपी सूरज कुमार राय का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का लिया जायजा

बागपत। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 एवं तीन दिवसीय महाशिवरात्रि मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागपत सूरज कुमार राय (IPS) ने सोमवार को कांवड़ मार्ग के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग के बरनावा, दाहा, पुसार सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचकर मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटियों को चेक किया तथा पुलिसकर्मियों द्वारा किए जा रहे सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। इस दौरान कांवड़ियों की लगातार बढ़ रही आवाजाही को देखते हुए यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी सूरज कुमार राय ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ तैनात रहें। कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, जाम या भीड़ की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त श्रद्धालु बागपत के विभिन्न कांवड़ मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। ऐसे में पुलिस की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कांवड़ियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों से भी संवाद किया और उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं तथा किसी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका तत्काल समाधान कराया जाए और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवा भाव को भी प्राथमिकता दी जाए। संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें कांवड़ मार्ग की वर्तमान स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा एवं महाशिवरात्रि मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *