मुजफ्फरनगर में 11 दिन से जारी अनशन समाप्त, सपा सांसद हरेन्द्र मलिक ने माला पहनाकर और जूस पिलाकर कराया अनशन खत्म

मुजफ्फरनगर। शहर के सर्कुलर रोड पर नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण के अलाइनमेंट और निर्माण कार्य को लेकर पिछले 11 दिनों से जारी पर्यावरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र कोच का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का धरना रविवार को समाप्त हो गया। धरना स्थल पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के सांसद हरेन्द्र मलिक और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राकेश शर्मा ने मामले में मध्यस्थता करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता कर समाधान का रास्ता निकाला।

जितेंद्र कोच ने सर्कुलर रोड पर नाला निर्माण के अलाइनमेंट और निर्माण की प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताते हुए भूख हड़ताल शुरू की थी। उनका कहना था कि नाले का निर्माण निर्धारित नियमों और वास्तविक स्थिति के अनुरूप किया जाना चाहिए। लगातार 11 दिनों से चल रहे धरने के चलते मामला प्रशासन और नगर पालिका अधिकारियों के संज्ञान में था।

रविवार को धरना स्थल पर पहुंचे सपा सांसद हरेन्द्र मलिक और सपा के राष्ट्रीय महासचिव राकेश शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी वार्ता की गई। वार्ता के दौरान नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अधिशासी अधिकारी की ओर से नगर मजिस्ट्रेट को लिखित पत्र भेजकर आश्वासन दिया गया कि कांवड़ यात्रा के बाद संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर नियमानुसार और न्यायसंगत समाधान किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नाला निर्माण में संशोधन भी कराया जाएगा।

नगर पालिका की ओर से मिले लिखित आश्वासन के बाद जितेंद्र कोच ने अपना अनशन समाप्त करने पर सहमति जताई। इसके बाद सांसद हरेन्द्र मलिक ने उन्हें माला पहनाई और अपने हाथों से जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।

इस दौरान सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि नाला निर्माण से जुड़ी समस्या को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि नाले का निर्माण नियमानुसार सड़क के किनारे बाउंड्री वॉल से मिलाकर किया जाएगा। सांसद ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में दलीय राजनीति नहीं होनी चाहिए और सभी पक्षों को आपसी सहमति एवं सौहार्द के साथ समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।

सांसद ने कहा कि बातचीत के माध्यम से मामले का समाधान निकाला गया है और प्रशासन को भी संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही अनशन समाप्त कराया गया।

वहीं, पर्यावरण समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कोच ने भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी मांग नाला निर्माण को नियमों के अनुरूप कराने और जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान की थी। लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

अनशन समाप्त होने के दौरान धरना स्थल पर सपा महासचिव राकेश शर्मा समेत पर्यावरण समिति के कई कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

बाइट: हरेन्द्र मलिक, सांसद, सपा, मुजफ्फरनगर

 

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *