मासूम बच्ची के सिर पर डंडे से वार, पिता से मारपीट, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज़
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव निर्धना में घर के बाहर रखा सामान उठाने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान तीन लोगों ने एक राय होकर अनीश के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मासूम बेटी के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। घायल बच्ची का जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर में उपचार चल रहा है।
गांव निर्धना निवासी अनीश पुत्र अली अहमद ने चरथावल पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 7 अगस्त की शाम करीब छह बजे पड़ोसी अरमान पुत्र गय्यूर उनके घर के बाहर रखा सामान उठाकर ले गया। अनीश ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि गय्यूर पुत्र शरीफ, इंतजार पुत्र गय्यूर और हसीन पुत्र गय्यूर ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
अनीश के मुताबिक, शोर सुनकर उसकी मासूम बेटी सिदरा बीच-बचाव करने के लिए पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने बच्ची के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। घटना के बाद परिजन बच्ची को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अनीश ने आरोप लगाया कि आरोपित पिता और बेटी को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
बच्ची के उपचार में व्यस्त होने के कारण अनीश ने 9 अगस्त को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने गय्यूर, इंतजार और हसीन के खिलाफ धारा 110/115(2)/352/351(3)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार को सौंपी गई है। चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

