90 डिग्री की चकरोड़ बनी मौत का फंदा, 10 फुट गहरे गड्ढे से हादसे का खतरा
राजसत्त्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के परगना चरथावल के मोजा बिरालसा में चकबंदी विभाग द्वारा बनाई गई चकरोड़ किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गाटा संख्या 313 व 333 के मध्य से गाटा संख्या 312 को जोड़ने वाले चक मार्ग पर चकरोड़ को करीब 90 डिग्री के कोण पर बना दिया गया है।
ग्राम निवासी अमित कुमार पुत्र सूरजपाल सिंह के अनुसार, उनके खेत खसरा संख्या 699 D6 के ऊपर बनी चकरोड़ के एक तरफ करीब 10 फुट गहरा गड्ढा है। कुछ दूरी आगे करीब 30 डिग्री का एक और मोड़ होने के कारण रास्ता और अधिक जोखिम भरा हो गया है।
बरसात के मौसम में फिसलन बढ़ने पर इस मार्ग से ट्रैक्टर, बाइक और पैदल गुजरने वाले किसानों के साथ कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। किसानों का कहना है कि चकरोड़ की स्थिति के कारण खेतों से फसल लाने-ले जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित किसान ने चकबंदी विभाग से चकरोड़ का स्थलीय निरीक्षण कराकर मार्ग को सुरक्षित और सीधा बनाने तथा इसे थानाभवन-मुजफ्फरनगर मार्ग से जोड़ने की मांग की है। किसान का कहना है कि जनहित में समय रहते मार्ग को सुरक्षित किया जाना बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधारात्मक कार्रवाई नहीं हुई और भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित चकबंदी विभाग एवं प्रशासनिक व्यवस्था की होगी।

