सद्भावना मंच सेकुलर फ्रंट ने सांसद हरेंद्र मलिक की मौजूदगी में कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा, भाईचारे और सद्भावना का दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। बघरा तांगा स्थित प्रयत्न सद्भावना पार्क पर सद्भावना मंच सेकुलर फ्रंट के तत्वावधान में मुजफ्फरनगर से गुजर रहे शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक मौजूद रहे। इस दौरान कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया और आपसी भाईचारे, प्रेम, सम्मान एवं सामाजिक सद्भावना का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, दीपक गंभीर एवं व्यापारी नेता तरुण मित्तल समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सद्भावना मंच सेकुलर फ्रंट द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के स्वागत और पुष्पवर्षा की यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। संस्था का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था का सम्मान करने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को मजबूत करना है।

मुख्य अतिथि सांसद हरेंद्र मलिक ने सद्भावना मंच के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता से है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने और लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राओं और श्रद्धालुओं का सम्मान करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों का सम्मान और स्वागत सद्भावना एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था का सम्मान करने से समाज में आपसी विश्वास और भाईचारा बढ़ता है।

संस्था के कन्वीनर गौहर सिद्दीकी ने कहा कि सद्भावना मंच सेकुलर फ्रंट का उद्देश्य समाज में किसी भी प्रकार के भेदभाव को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की धरती हमेशा से आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रही है और उनका संगठन इसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम करता रहेगा।

संस्था के सचिव मास्टर इसरार ने कहा कि मुजफ्फरनगर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि मोहब्बत और भाईचारे की पहचान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की खूबसूरती ही यही है कि हम एक-दूसरे की आस्था और परंपराओं का सम्मान करें। उन्होंने ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का उल्लेख करते हुए कांवड़ियों के स्वागत को इसी भारतीय परंपरा का हिस्सा बताया।

कार्यक्रम के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा के दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला। आयोजन में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सद्भावना को मजबूत करने का संदेश देते हैं।

इस अवसर पर इकराम कस्सार, मास्टर इसरार, आसिफ अली, साहिल अनवर, कपिल अनवर, राहिल सिद्दीकी, पंडित संजय शर्मा, उत्कर्ष वत्स, अक्षय गुरु, शाहवेज राव, सलीम, नीशू मलिक, मलिक, शमीम कस्सार, डॉक्टर साजिद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

#Muzaffarnagar #KanwarYatra #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *