डायल 112 पर हत्या की झूठी सूचना देना पड़ा महंगा, चरथावल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

राजसत्त्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने डायल 112 पर हत्या की झूठी सूचना देने और शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर एवं थाना प्रभारी चरथावल के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को प्रवेज आलम पुत्र नफीस, निवासी ग्राम मुधरा, थाना चरथावल ने डायल 112 पर सूचना दी कि सलमान पुत्र शकील ने अपनी पत्नी सहनाज की चाकू से हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक नंद किशोर पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान प्रवेज आलम ने पुलिस को बताया कि सलमान अपनी पत्नी सहनाज के साथ मारपीट कर रहा था, इसलिए उसने हत्या की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर जांच की तो हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी निकली। इस बीच गांव के काफी लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और प्रवेज आलम तथा सलमान आपस में उलझ गए। दोनों पुलिस के सामने भी आक्रामक हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पैदा हो गई।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रवेज आलम पुत्र नफीस (35 वर्ष) एवं सलमान पुत्र शकील (26 वर्ष) निवासी ग्राम मुधरा, थाना चरथावल को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नंद किशोर, हेड कांस्टेबल दीपक यादव तथा कांस्टेबल आशीष उपाध्याय शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 पर केवल वास्तविक घटनाओं की ही सूचना दें। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *