महिला ने तीन युवकों पर घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का लगाया आरोप, एक आरोपी पहले भी पॉक्सो मामले में जा चुका है जेल

राजसत्त्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र की कुटेसरा चौकी के अंतर्गत एक महिला ने गांव के तीन युवकों पर देर रात घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने घटना की सूचना डायल 112 पर देने के साथ ही पुलिस चौकी में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की है। वह अपने घर में सो रही थी, तभी गांव के तीन युवक—सलीम, जावेद और यूसुफ—कथित रूप से घर में घुस आए। आरोप है कि दो युवकों ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि तीसरे ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इसी दौरान पास में सो रही उसकी बहन की आंख खुल गई। लाइट जलने और पीड़िता के शोर मचाने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

महिला का कहना है कि उसकी आरोपियों से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। उसने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई करने के बजाय समझौते का दबाव बना रही है, जबकि वह आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई चाहती है। पीड़िता का यह भी दावा है कि नामजद आरोपियों में से एक पहले पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।

उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांचाधीन है और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *