पत्रकार के कथित अपहरण के प्रयास का आरोप, पीड़ित ने चरथावल थाने में दी तहरीर, कड़ी कार्यवाई की मांग की
राजसत्त्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के निवासी एवं दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार मोईन त्यागी ने अपने साथ कथित अपहरण के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना चरथावल में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात करीब 9:45 से 9:50 बजे के बीच मोईन त्यागी अपने एक साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सफेद रंग की एक कार उनके सामने आकर रुकी, जिसमें सवार खुशनसीब उर्फ नानू पुत्र अब्दुल रऊफ अपने साथियों के साथ मौजूद था। आरोप है कि सभी ने उन्हें जबरन कार में बैठा लिया और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने 50 लाख रुपये की मांग करते हुए पैसे न मिलने पर हत्या करने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें थानाभवन की ओर ले जाना शुरू कर दिया, लेकिन बिरालसी चौकी पर थाना चरथावल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान को देखकर कार रोक दी गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी उन्हें चलती कार से धक्का देकर फरार हो गए। इसके बाद घायल अवस्था में पीड़ित बिरालसी चौकी पहुंचा, जहां से परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी से उनके चाचा और आरोपी के बीच पुराने पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही है तथा पूर्व में भी कई बार मारने और अपहरण का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

