सात माह की गर्भवती कांवड़िया ने मुजफ्फरनगर में जुड़वां बच्चों को दिया जन्म, जच्चा-बच्चे स्वस्थ

मुजफ्फरनगर, 3 अगस्त 2026। नीलकंठ महादेव से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रही दिल्ली निवासी सात माह की गर्भवती महिला कांवड़िया की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उसे तत्काल जिला महिला चिकित्सालय, मुजफ्फरनगर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की तत्परता और बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के चलते महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। चिकित्सकों के अनुसार जच्चा एवं दोनों नवजात पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हालत संतोषजनक बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने नवप्रसूता का हालचाल जाना, पुष्पगुच्छ भेंट कर उसके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की शुभकामनाएं दीं तथा चिकित्सकीय टीम से उपचार और देखभाल की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि जच्चा एवं दोनों नवजातों को किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय असुविधा न होने पाए और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

चिकित्सकों ने बताया कि समय से पूर्व जन्म होने के कारण दोनों नवजातों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी के लिए एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में रखा गया है, जहां बाल रोग विशेषज्ञों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। दोनों बच्चों की स्थिति स्थिर है और आवश्यक उपचार जारी है।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर भी अस्पताल में मौजूद रहीं। उन्होंने जच्चा एवं नवजातों के उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और चिकित्सा कर्मियों को बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जच्चा और दोनों नवजातों की लगातार निगरानी कर रही है तथा सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उचित उपचार और देखभाल के बाद जच्चा एवं दोनों नवजात पूर्णतः स्वस्थ होकर जल्द ही अपने परिजनों के साथ घर लौटेंगे।

#Muzaffarnagar #KanwarYatra #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *