बैंक एजेंट पर ₹1 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार

राजसत्त्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव कुटेसरा निवासी मोहम्मद शहबाज ने एक्सिस बैंक के एक एजेंट पर बैंक खाते से एक लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा रकम वापस दिलाने की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी अफसार के नाम से नगला राई स्थित एक्सिस बैंक शाखा में बचत खाता खुलवाया गया था। आरोप है कि बैंक एजेंट आसिफ अली ने मोबाइल में बैंकिंग एप डाउनलोड कराने और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने उनका मोबाइल अपने कब्जे में लिया। इसके बाद वह मोहम्मद शहबाज से एक लाख रुपये का चेक लेकर खाते में जमा कराने की बात कहकर चला गया। चेक क्लियर होने के बाद राशि खाते में जमा हो गई।

शहबाज का आरोप है कि अगले ही दिन सुबह उनके खाते से पूरी एक लाख रुपये की रकम निकाल ली गई। कुछ देर बाद एजेंट ने फोन कर बताया कि उनके साथ बैंकिंग फ्रॉड हो गया है और खाते से पैसे निकल गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें पूरा संदेह है कि यह धोखाधड़ी बैंक एजेंट ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर की है।

घटना के बाद पीड़ित ने बैंक अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से शिकायत दी और थाना चरथावल में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *