श्रावण के प्रथम सोमवार पर द्वारिका सिटी शिवमय, पूज्य श्री राजशेखर लिंग जी के सान्निध्य में हुई भव्य महा आरती

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जानसठ रोड स्थित इंटीग्रेटेड टाउनशिप द्वारिका सिटी का शिव मंदिर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यहां केदारनाथ धाम में 45 वर्षों तक प्रधान सेवक के रूप में सेवा दे चुके पूज्य श्री राजशेखर लिंग जी के सान्निध्य में भगवान भोलेनाथ की भव्य महा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भगवान शिव के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन के बाद शाम को महा आरती का आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आरती में शामिल हुए तथा भगवान भोलेनाथ से परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

केदारनाथ धाम में लंबे समय तक सेवा देने वाले पूज्य श्री राजशेखर लिंग जी ने श्रद्धालुओं को श्रावण मास के धार्मिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह महीना भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है और इस दौरान सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना, सेवा और भक्ति का विशेष फल प्राप्त होता है। उन्होंने सभी से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव, सेवा और मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश भी दिया।

मंदिर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक आभा से जगमगा उठा। महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और महा आरती में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और देर शाम तक मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी रही।

द्वारिका वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि सोसाइटी द्वारा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, ताकि समाज में आध्यात्मिक चेतना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में द्वारिका वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष अमित वत्स, सचिव मनोज कुमार सिंह, संरक्षक संजीव गर्ग, सत्यपाल सिंह, मनोज सिंघल, अंशुमन अग्रवाल, सोमबीर सिंह, मनोज राठी, देवेंद्र चौहान, अंकित गोयल, अमित जैन सहित सोसाइटी के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *